नीरज प्रजापति

घर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर दहशत फैलाने वाले आरोपी पुलिस के शिकंजे में, मुठभेड़ में एक घायल, बिना नंबर की स्कॉर्पियो समेत पिस्टल, मस्कट और तमंचे बरामद।

मुजफ्फरनगर। भोकरहेड़ी में एक मकान पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुरानी रंजिश से जुड़े इस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही भोपा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम का सोमवार देर रात जौली नहर पुल के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो सवारों से सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, घिरने पर आरोपियों ने गोलीबारी की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। चार अन्य आरोपियों को घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान पकड़ लिया गया। कार्रवाई में बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो, एक पिस्टल, एक मस्कट, दो तमंचे और जिंदा व इस्तेमाल किए गए कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में फायरिंग की घटना के खुलासे के तौर पर देखा जा रहा है।

9 अक्टूबर की वारदात से शुरू हुई तलाश

पुलिस के अनुसार, बीती 9 अक्टूबर की रात भोकरहेड़ी कस्बे में अभिषेक पुत्र संजीव के मकान पर पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की गई थी। घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पांच नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नहर पटरी पर स्कॉर्पियो ने बढ़ाया शक

पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात जौली नहर पुल के पास गंगनहर पटरी पर वाहन चेकिंग के दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन तेज कर दिया और कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। कुछ दूरी पर स्कॉर्पियो कीचड़ में फंस गई। इसके बाद कार सवारों ने उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।

पांच आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन उर्फ सावन निवासी खेड़ा जट, मंगलौर (उत्तराखंड), बादल निवासी चांदपुर, नई मंडी, निखिल उर्फ फाटा और हार्दिक सहरावत निवासी भोकरहेड़ी तथा आशीष कुमार निवासी रामपुर, देवबंद (सहारनपुर) के रूप में बताई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights