मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद–फरोख्त में लिप्त दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, एक पोनिया और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उप महानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल व क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार 11 दिसंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बुढ़ाना–मन्दवाड़ा मार्ग से अवैध हथियार बेचने की नीयत से गुजरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया और ईंट-भट्टे के पास से संदिग्धों को दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों की तलाशी में तीन तमंचे 315 बोर, एक पोनिया 315 बोर और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सारिम पुत्र इकराम उर्फ बाबू निवासी मोहल्ला पश्चिम पछाला, कस्बा बुढ़ाना तथा फिरोज पुत्र आन मोहम्मद निवासी लुहसाना रोड, सफीपुर पट्टी, बुढ़ाना के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध थाना बुढ़ाना में आयुध अधिनियम की धारा 5/25 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सस्ते दामों पर अवैध हथियार खरीदकर लाते हैं और उन्हें मांग के अनुसार ऊंचे दामों में बेचकर अवैध कमाई करते हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सन्दीप कुमार, छविकान्त सिंह, गजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज त्यागी, सुनील कुमार और कांस्टेबल नकुल सांगवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights