मुजफ्फरनगर। तितावी थाना पुलिस ने सोमवार देर शाम मुकुन्दपुर झाल पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में वांछित 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश अलीशेर को घायल अवस्था में दबोच लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान को तितावी पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस इशारा न मानकर भागने लगा। पीछा करने पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोपी गन्ने के खेतों में छुपने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया।

पुलिस ने मौके से उसे काबू कर लिया। उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।गिरफ्तार अलीशेर निवासी मवाना (मेरठ) पर मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और बागपत सहित विभिन्न जिलों में ट्रांसफार्मर व विद्युत उपकरण चोरी से जुड़े चार दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। तितावी थाने में दर्ज मामले में उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी द्वारा दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह संगठित गिरोह के साथ मिलकर ट्यूबवेलों से ट्रांसफार्मर व उपकरण चोरी करता था और चोरी का माल बेचकर अवैध कमाई की जाती थी। कुछ दिन पहले इसी गिरोह के छह सदस्य पुलिस मुठभेड़ में पकड़े जा चुके हैं, जबकि अलीशेर लगातार फरार चल रहा था।पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights