ब्रह्म प्रकाश शर्मा
जानसठ-मीरापुर मार्ग पर बोलेरो ने ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, टक्कर के बाद सड़क पर मची चीख-पुकार, दो घायलों की हालत गंभीर; 112 और 108 की मदद से सीएचसी पहुंचे, जिला अस्पताल रेफर।
जानसठ। जानसठ-मीरापुर मार्ग पर शनिवार देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक बोलेरो वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोग घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया गया कि ई-रिक्शा सवार तीन लोग अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जानसठ-मीरापुर मार्ग पर सामने से आ रहे बोलेरो वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे में ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और तत्काल पुलिस तथा एंबुलेंस सेवा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस सेवा और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी में घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ पहुंचाया गया। हादसे में आर्यन पुत्र बालकराम निवासी कुतुबपुर, रिजवान पुत्र रहीस तथा जिया पुत्र बलराम घायल हुए हैं। सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। जांच के बाद रिजवान और जिया की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन को पुलिस द्वारा मौके से पकड़ लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
दुर्घटना के बाद जानसठ-मीरापुर मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए, जिसके चलते सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए यातायात को सुचारु कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर तेज गति से दौड़ते वाहन लगातार खतरा बने हुए हैं। शाम के समय सड़क पर आवागमन बढ़ने के कारण हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों ने मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती की मांग की है।
पुलिस के अनुसार घटना की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
