अक्सीर खान और प्रमोद कुमार वर्मा सहारनपुर रवाना, प्रवीण कुमार को कानपुर तो विशाखा को रामपुर भेजा गया, बिजनौर और बदायूं से आएंगे नए अधिकारी, विभागों के बंटवारे पर टिकी निगाहें।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जनपद में प्रशासनिक महकमे के भीतर देर रात बड़ा फेरबदल करते हुए चार विकासखंड अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। अचानक हुए इस स्थानांतरण से विकासखंड स्तर पर प्रशासनिक समीकरण बदल गए हैं। एक साथ चार अधिकारियों की विदाई और दो नए अधिकारियों की आमद ने जिले के प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। जारी स्थानांतरण सूची के मुताबिक मुजफ्फरनगर में तैनात अक्सीर खान को सहारनपुर भेजा गया है। वहीं प्रमोद कुमार वर्मा का भी स्थानांतरण सहारनपुर कर दिया गया है। इसके अलावा प्रवीण कुमार को मुजफ्फरनगर से कानपुर और विशाखा को रामपुर भेजा गया है। देर रात जारी हुए इन आदेशों के बाद संबंधित अधिकारियों के कार्यभार छोड़ने और नई तैनाती पर जाने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। दूसरी ओर मुजफ्फरनगर में खाली होने वाले प्रशासनिक स्थानों पर नए अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गई है। बिजनौर से राजवीर सिंह को स्थानांतरित कर मुजफ्फरनगर भेजा गया है, जबकि बदायूं से शैली गोविल को मुजफ्फरनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नए अधिकारियों की आमद से जिले के विकासखंड प्रशासन में नए समीकरण बनने तय माने जा रहे हैं।
हालांकि जिले में आने वाले राजवीर सिंह और शैली गोविल को किस विकासखंड अथवा किस विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अभी इस संबंध में तस्वीर साफ नहीं हुई है। अधिकारियों के कार्यक्षेत्र का निर्धारण होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किस अधिकारी को कौन-सी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलेगी।
