district-hospital-bauradi-shou

नई टिहरी, 15 नवंबर । नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और जिला अस्पताल को इसका बेस अस्पताल बनाने की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का आंदोलन रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट और छात्र नेता राहुल बुटोला की भूख हड़ताल भी जारी है। इस बीच धरना स्थल पर पहुंचे टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने आंदोलनकारियों से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए उनकी मांग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

रविवार को विधायक किशोर उपाध्याय भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कठैत के साथ बौराड़ी स्थित धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से बातचीत कर कहा कि नई टिहरी जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाने के लिए समिति की ओर से प्रस्ताव दिया जाए। वह इसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे।

संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, प्रवक्ता महीपाल सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाने की मांग पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन स्थगित नहीं किया जाएगा। समिति ने कहा कि नई टिहरी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और शहर के समग्र विकास के लिए यहां बेस अस्पताल की स्थापना जरूरी है।

विधायक उपाध्याय ने कहा कि वह वर्ष 1992 से क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए प्रयासरत हैं। मेडिकल कॉलेज और अस्पताल एक ही स्थान पर होने से मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने समिति से बैठक कर अपनी मांग का स्पष्ट प्रस्ताव तैयार कर देने को कहा, जिसे मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।

समिति ने लिखित आश्वासन मिलने पर आंदोलन स्थगित करने की बात कही। देर शाम कोर कमेटी की बैठक के बाद प्रस्ताव का मसौदा विधायक और सरकार को सौंपे जाने की तैयारी थी। फिलहाल जीतराम भट्ट और राहुल बुटोला की भूख हड़ताल जारी है।

इस मौके पर नरोत्तम जखमोला, यूकेडी जिलाध्यक्ष डीडी पंत, भगवान देई तोपवाल, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत, देवेंद्र नौडियाल और लखवीर चौहान सहित कई लोग मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights