मुजफ्फरनगर।मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) क्षेत्र में बढ़ते अवैध निर्माण और गैरकानूनी प्लाटिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण उपाध्यक्ष कविता मीना ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। रामपुर तिराहा, खतौली और जानसठ रोड समेत संवेदनशील इलाकों में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मुजफ्फरनगर से लेकर शामली जनपद तक तैनात सभी अभियंताओं के कार्यक्षेत्र में व्यापक बदलाव कर दिए गए हैं।एमडीए के इस फैसले से अवैध निर्माण कराने वालों और अवैध कॉलोनियां विकसित करने वाले भू-माफियाओं में खलबली मच गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार जनवरी माह में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर नोटिस जारी किए जाएंगे और जुर्माने की सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

प्राधिकरण के अंतर्गत चार जोन संचालित हैं, जबकि शामली जिले का नियंत्रण भी एमडीए के पास है। नए आदेशों के तहत अभियंता संदीप कुमार को जोन-3 और जोन-5 की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें भगत सिंह रोड से शामली रोड, गांधी कॉलोनी और भोपा रोड का कुछ हिस्सा शामिल है।खतौली में तैनात अभियंता राजीव कोहली को वहां से हटाकर जोन-4 और शुकतीर्थ क्षेत्र का प्रभार दिया गया है। जोन-4 में शिवचौक से लेकर नगर कोतवाली क्षेत्र और रामपुर तिराहा तक का इलाका शामिल है। खतौली क्षेत्र में शिकायतकर्ता पर पुलिस कार्रवाई को लेकर हुए विवाद के बाद यह परिवर्तन किया गया है।वहीं अभियंता अवनीश गर्ग को खतौली के साथ बुढ़ाना क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। अभियंता विनय गर्ग से रामपुर तिराहा का क्षेत्र हटाते हुए उन्हें शामली, कैराना और कांधला का कार्यक्षेत्र सौंपा गया है, जहां अवैध कॉलोनियों को लेकर पहले से कई शिकायतें लंबित हैं।एमडीए में हुए इस व्यापक फेरबदल को अवैध निर्माण और गैरकानूनी प्लाटिंग पर निर्णायक कार्रवाई की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। प्राधिकरण का स्पष्ट संदेश है कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर अब सख्त शिकंजा कसा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights