18 सितंबर की चोरी का ककरौली पुलिस ने किया पर्दाफाश, रजवाहे की पटरी से दबोचे दोनों आरोपी, लाखों की नकदी और आभूषणों की भारी खेप बरामद होने से मचा हड़कंप।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोरों के मंसूबों पर ककरौली पुलिस ने पानी फेर दिया। बेहड़ा सादात गांव में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 46 हजार रुपये की नकदी के अलावा सोने और चांदी के बड़ी संख्या में आभूषण बरामद हुए हैं। भारी मात्रा में नकदी और जेवरात की बरामदगी को पुलिस इस कार्रवाई की बड़ी सफलता मान रही है।
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अक्षय संजय महाडीक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 18 सितंबर को थाना ककरौली क्षेत्र के ग्राम बेहड़ा सादात में चोरी की वारदात हुई थी। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना ककरौली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कराई। पुलिस लगातार घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, संदिग्ध गतिविधियों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर जांच में जुटी हुई थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को अपने मुखबिर तंत्र से आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना को आधार बनाकर ककरौली पुलिस ने बेहड़ा सादात रजवाहे की पटरी पर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान वरीन पुत्र नदीम निवासी मोहल्ला डंगडूंगरा, माया इंटर कॉलेज के पास, कस्बा कांधला, जिला शामली, हाल निवासी ग्राम बेहड़ा सादात थाना ककरौली तथा नजर मोहम्मद पुत्र बाबू निवासी ग्राम बेहड़ा सादात थाना ककरौली के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 46 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त पीली धातु का एक टीका और दो नथ बरामद हुई हैं। वहीं सफेद धातु के 19 अंगूठियां, एक झूमर, दो सेट में कुल 12 बिछुए, दो जोड़ी पायल, आठ कड़े, दो जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी कान के झुमके, दो जोड़ी हथफूल, चार छल्ले और तीन सिक्के भी पुलिस ने बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा होने के साथ ही आरोपियों के कब्जे से चोरी का बड़ा माल भी बरामद हुआ है। एक गांव में हुई वारदात के बाद से पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव था, लेकिन खुफिया सूचना और पुलिस टीम की सक्रियता से दोनों आरोपी आखिरकार गिरफ्त में आ गए। पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
