पुलिस पर फायरिंग कर भागे बदमाश, जवाबी कार्रवाई में सरताज घायल, फुरकान दबोचा गया; चोरी के बिजली के तार, अवैध तमंचा और रेहड़ा बरामद

नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने रविवार देर शाम एक साहसिक कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी चोरी की वारदातों का पर्दाफाश किया। पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर भागने का प्रयास करने वाले बदमाशों को जवाबी कार्रवाई में घेर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी जंगल में घेराबंदी और कॉम्बिंग के बाद दबोच लिया गया। दोनों के कब्जे से चोरी किए गए बिजली के जले हुए तारों से भरा एक रेहड़ा और अवैध तमंचा बरामद किया गया।


थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति स्कूटरनुमा रेहड़े में चोरी का बिजली का सामान लेकर नसीरपुर से गढ़ी गांव की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस टीम को संदिग्ध रेहड़ा आता दिखाई दिया। रोकने का इशारा करते ही दोनों बदमाश रेहड़ा छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बावजूद पुलिसकर्मी सतर्क रहे और सुरक्षित मोर्चा संभालते हुए बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग में सरताज पुत्र सत्तार निवासी मदीना कॉलोनी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी फुरकान पुत्र अकबर निवासी हाजीपुर जंगल में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस की तलाशी में बदमाशों के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी किए गए बिजली के जले हुए तारों से भरा रेहड़ा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से घरों और अन्य स्थानों से बिजली के तार चोरी कर उन्हें जलाकर तांबा निकालने का काम करते थे। थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार सरताज पर चोरी, अवैध हथियार, गैंगस्टर और अन्य संगीन मामलों सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फुरकान के विरुद्ध भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ थाना नई मंडी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई को थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights