मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। एम.एस. कॉलेज के सेल्फ फाइनेंस विभाग द्वारा शुक्रवार को वाणिज्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए वाणिज्य विषय से संबंधित विभिन्न आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मकता एवं व्यावसायिक समझ को विकसित करना था। प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं मूल्यांकन प्रो. संजय गुप्ता, प्रो. संजय कुमार, प्रो. संजीव तथा प्रो. गिरि द्वारा किया गया।
निर्णायकों ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन कर उनकी विषय-वस्तु, रचनात्मकता एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया। कार्यक्रम की संयोजक सुश्री मानसी गर्ग रहीं। प्रदर्शनी का समन्वय अतिशय जैन एवं सचिन कश्यप ने किया। आयोजन में डॉ. दीक्षा सिंह, डॉ. गज़ाला एवं सुश्री ज़ेबा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान वाणी माहेश्वरी, निष्ठा, मुस्कान, नुसरत, नुसरत, रिया एवं सिद्धि बजाज की टीम ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर अक़्सा नूर एवं ज़ोया की टीम रही, जबकि तृतीय स्थान ट्विंकल सैनी, नितिन, निखिल, भवन राव एवं एना रानी की टीम ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में प्रो. पूनम यादव, प्रो. दिनकर सहित अन्य गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए अपने ज्ञान एवं प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुई।
