नीरज प्रजापति

पुत्र प्राप्ति की भविष्यवाणी गलत साबित होने पर हत्या करने का आरोप, पड़ोसी को फंसाने की भी रची थी साजिश।

मुजफ्फरनगर। भौराकलां गांव के शिव मंदिर में 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मंदिर परिसर में देर शाम गोलियां बरसाकर पुजारी की जान लेने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि गांव के ही पिता-पुत्र हैं। पुलिस की जांच में हत्या के पीछे पुत्र प्राप्ति को लेकर की गई कथित भविष्यवाणी के गलत साबित होने से उपजा गुस्सा सामने आया है। इतना ही नहीं, वारदात के बाद पुजारी के पड़ोसी को हत्या के मामले में फंसाने की साजिश भी रची गई थी।

भविष्यवाणी गलत साबित होने का गुस्सा बना हत्या की वजह, पड़ोसी को फंसाने की थी तैयारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए कई तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। गठित टीमों ने जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने प्रेस वार्ता में हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिशान पुत्र हाशिम और हाशिम पुत्र अज्ञात निवासी भौराकलां के रूप में हुई है। दोनों के पिता-पुत्र होने की पुष्टि पुलिस ने की है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि पुजारी स्वामी देवानंद भारती ने उनके घर में पुत्र प्राप्ति होने की भविष्यवाणी की थी, लेकिन यह भविष्यवाणी गलत साबित हुई। इसी बात को लेकर उनके मन में नाराजगी पैदा हो गई और उन्होंने पुजारी की हत्या की योजना बना डाली। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात के पीछे एक और खतरनाक मंशा थी। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि कुछ दिन पहले पुजारी देवानंद भारती का अपने पड़ोसी हरेंद्र के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान हरेंद्र द्वारा धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी। आरोपियों ने इसी घटनाक्रम को आधार बनाकर हत्या का शक हरेंद्र पर डालने की योजना बनाई, ताकि पुलिस की जांच दूसरी दिशा में जा सके और वे खुद बच निकलें।

मंदिर परिसर में गोलियों से छलनी कर दी गई थी पुजारी की जिंदगी

गौरतलब है कि भौराकलां गांव स्थित शिव मंदिर में स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मंदिर जैसे धार्मिक स्थल पर हुई इस वारदात ने ग्रामीणों को झकझोर दिया था। घटना के बाद पुलिस के सामने हत्यारोपियों तक पहुंचने के साथ हत्या की वजह का पता लगाने की चुनौती थी। अब पुलिस ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामले के खुलासे का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights