नीरज प्रजापति
धर्मेंद्र मलिक बोले कि किसानों के मुद्दों से भटक रहे कुछ किसान संगठन
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने शुक्रवार को गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का राज्य परामर्शी मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि डीजल, खाद, कीटनाशक और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ किसान संगठन किसानों के मुद्दों के बजाय निजी हितों में लगे हैं। उन्होंने जिले में कथित भ्रष्टाचार और चकबंदी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में असमय बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, आलू के बीज की कीमत घटाकर 1500 रुपये प्रति कुंतल करने, कोल्ड स्टोर किराये में सहायता, यूरिया-डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता और ठेके पर खेती करने वाले किसानों को राहत देने की मांग की गई। दूसरे ज्ञापन में ग्राम पुरबालियान की चकबंदी की जांच, अंश निर्धारण की त्रुटियां दूर करने, तहसीलों में भ्रष्टाचार रोकने, खलिहान की जमीन खाली कराने, टूटी सड़कों की मरम्मत और अमानक खाद-बीज की बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठाई गई। धरने की अध्यक्षता चंद्रवीर सहरावत भोकरहेड़ी ने की तथा संचालन मोहित मलिक और अंकित जावला ने किया। प्रदर्शन में विपिन त्यागी, मनीष देव, नीरज मलिक सहित अनेक किसान नेता शामिल रहे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन और क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ ने ज्ञापन लेकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
