नीरज प्रजापति
भोपा पुलिस ने गिरोह के कब्जे से 40 चोरी के मीशो पार्सल और मोटरसाइकिलनुमा रिक्शा बरामद की
मुजफ्फरनगर। थाना भोपा क्षेत्र में मीशो ब्राण्ड के कोरियर कार्यालय में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई से चोरी की घटना के पीछे सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 40 मीशो पैकेट/पार्सल और एक मोटरसाइकिलनुमा रिक्शा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना भोपा क्षेत्र में गत 4/5 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने मीशो ब्राण्ड के कोरियर कार्यालय को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में भोपा पुलिस ने चोरी की घटना के खुलासे के लिए जांच-पड़ताल तेज की। पुलिस टीम ने संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही उपलब्ध सुरागों को जोड़ना शुरू किया। वहीं सोमवार को अथाई रोड से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से मीशो के चोरी किए गए 40 पैकेट/पार्सल बरामद हुए। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त बताया गया एक मोटरसाइकिलनुमा रिक्शा भी पुलिस के हाथ लगा। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की पुत्र कमल, निवासी रूड़की चुंगी, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर, पवन पुत्र सुरेश, निवासी रूड़की चुंगी, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर, हाल निवासी दीप नगर, थाना नेहरू ग्राम, देहरादून, अरूण पुत्र मुकेश, निवासी शुक्रताल रोड मोरना, थाना भोपा, मुजफ्फरनगर तथा शक्ति पुत्र सतपाल, निवासी मोरना, थाना भोपा, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। शातिर चोरो के कब्जे से बरामद किए गए 40 मीशो पार्सल इस बात की ओर इशारा करते हैं कि चोरों ने कोरियर कार्यालय को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदात में उनकी भूमिका तथा गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा एसएसपी संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में हुई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा लक्ष्मण वर्मा और थाना प्रभारी भोपा आशुतोष सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश, कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
