रात्रि विश्राम के बाद सोमवार को यज्ञ में देंगे आहुति
वेदव्यास मंदिर और भागवत कथा भवन का करेंगे लोकार्पण
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में रविवार शाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के आगमन से धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल बन गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम करीब साढ़े छह बजे वह श्री शुकदेव आश्रम पहुंचे। यहां आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज सहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। आश्रम पहुंचने के बाद डॉ. मोहन भागवत ने शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शुकदेव गुरुकुल संस्कृत विद्यालय के 11 बटुक विद्यार्थियों ने शंखनाद किया, जबकि आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका अभिनंदन किया। शंखध्वनि और वैदिक मंत्रों से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा। समाधि स्थल पर नमन करने के बाद संघ प्रमुख आश्रम परिसर स्थित ताऊ देवीलाल भवन पहुंचे, जहां उनके रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई। इस दौरान दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक और विचार-विमर्श भी हुआ। आश्रम ट्रस्ट के पदाधिकारी ओमदत्त आर्य के अनुसार सोमवार सुबह नौ बजे डॉ. भागवत राष्ट्र कल्याण, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना को लेकर आयोजित हवन-यज्ञ में आहुति देंगे। इसके पश्चात वे वेदव्यास मंदिर का लोकार्पण करेंगे और आश्रम परिसर में स्थित प्राचीन अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा करेंगे। इसके बाद शुकदेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर डोंगरे भागवत भवन पहुंचेंगे, जहां नवनिर्मित भागवत कथा भवन का लोकार्पण एवं दीप प्रज्वलन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान साधु-संतों को संबोधित करने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस अवसर पर स्वामी ओमानंद महाराज, ट्रस्ट अध्यक्ष एमएल रंगा, महामंत्री केके विज, विधिक सलाहकार बीबी सिंह, रमेश मलिक, ओमदत्त आर्य और डॉ. नरेंद्र शर्मा सहित आश्रम के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
