major-action-against-illegal-m

औरैया, 24 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में औरैया-इटावा नेशनल हाईवे-19 पर देर रात एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।

यह अभियान एसडीएम सदर अजय आनन्द वर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। चेकिंग के दौरान प्रशासनिक टीम ने हाईवे पर गुजर रहे डम्परों की गहनता से जांच की। कुल 14 डम्परों को रोककर उनके कागजात और खनिज परिवहन से संबंधित अनुमति पत्रों की जांच की गई।

जांच के दौरान 4 डम्पर अवैध रूप से खनिज परिवहन करते हुए पाए गए। इन डम्परों के पास आवश्यक दस्तावेज और वैध परमिट नहीं पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी चारों डम्परों को सीज कर दिया। साथ ही इन पर कुल 2.68 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

इस दौरान खनिज विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने जांच प्रक्रिया में सहयोग किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसडीएम अजय आनन्द वर्मा ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप खनिज संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व की हानि को रोकने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई जरूरी है।

प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन और परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। वहीं, आम जनता ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी।

प्रशासन ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights