शैक्षणिक कार्यशाला में दवा व्यापार से जुड़े नए नियमों, गुणवत्ता, लाइसेंस प्रक्रिया और विभाग-व्यापारी समन्वय पर हुआ मंथन, पूरे जनपद के कैमिस्टों ने दिखाई एकजुटता
मुजफ्फरनगर। जनपद के दवा व्यापारियों के सबसे बड़े संगठन कैमिस्ट एसोसिएशन मुजफ्फरनगर द्वारा भोपा रोड स्थित होटल रेडिएंट इन में आयोजित शैक्षणिक कार्यशाला एवं सम्मान समारोह संगठन की एकजुटता, अनुशासन और औषधि व्यवसाय के प्रति सकारात्मक सोच का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम में हाल ही में मुजफ्फरनगर में नियुक्त हुए नवागत औषधि निरीक्षक देशबंधु विमल का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, शामली स्थानांतरित हुए औषधि निरीक्षक पवन शाक्य को उनके उत्कृष्ट, निष्पक्ष और सराहनीय कार्यकाल के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद दवा व्यापारियों ने नवागत औषधि निरीक्षक का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके कार्यकाल में विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा जनहित और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलेगी। कैमिस्ट एसोसिएशन ने उन्हें हर स्तर पर सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित शैक्षणिक कार्यशाला में औषधि व्यवसाय से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। दवा व्यापार से संबंधित नवीन नियमों, औषधियों की गुणवत्ता बनाए रखने, लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने, विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन तथा दवा व्यापारियों और औषधि विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। कार्यशाला में उपस्थित दवा व्यापारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर सुझाव दिए।

कैमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि मुजफ्फरनगर में औषधि विभाग और दवा व्यापारियों के बीच हमेशा सहयोगात्मक संबंध रहे हैं। संगठन की ओर से उम्मीद जताई गई कि आने वाले समय में यह समन्वय और अधिक मजबूत होगा, जिससे आम जनता तक गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। समारोह के दौरान पवन शाक्य के कार्यकाल को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में दवा व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और विभाग तथा व्यापारियों के बीच संवाद की मजबूत कड़ी बने। उनके निष्पक्ष, ईमानदार और जिम्मेदार कार्यशैली ने व्यापारियों का विश्वास जीता। उनके स्थानांतरण पर उपस्थित सभी लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सम्मान के साथ विदाई दी। कार्यक्रम में जनपद की सभी तहसीलों और शाखाओं से कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे जिले के दवा व्यापारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आपसी सहयोग बढ़ाने तथा दवा व्यापार से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प भी लिया गया। समारोह के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा आपसी संवाद के माध्यम से संगठन और विभाग के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर सहमति बनी। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर कैमिस्ट एसोसिएशन ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और दवा व्यापारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैमिस्ट एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के जिला अध्यक्ष कमलजीत सिंह, जिला महामंत्री अक्षय मित्तल, कोषाध्यक्ष राजेश जुनेजा, संरक्षक योगेश मदान, चेयरमैन विजेंद्र शर्मा, चेयरमैन रामवीर सिंह, उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, उपाध्यक्ष तरुण शिवाच, संगठन महामंत्री हर्ष भाटिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष बिंदल, महामंत्री अमित चौधरी सहित जनपद की सभी शाखाओं के अध्यक्ष, महामंत्री, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कैमिस्ट बंधु उपस्थित रहे।
