नैनीताल, 22 अप्रैल । नैनीताल जनपद के भीमताल विकासखंड के ज्योली गांव में किसी हिंसक वन्य जीव ने हमला कर एक महिला को अपना शिकार बना लिया है। इससे क्षेत्र में दहशत का वातावरण बन गया है। ग्रामीणों ने महिला के शव को जंगल में देख लिया है, लेकिन वहां से गांव तक लाने में दो घंटों के बाद भी सफलता हाथ नहीं लगी है। ग्रामीणों ने महिला को शिकार बनाने वाले हिंसक वन्य जीव को आदमखोर घोषित कर उसके भय से मुक्ति दिलाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नये बने ज्योलीकोट-रानीबाग मार्ग पर स्थित ज्योली गांव निवासी 48 वर्षीय हेमा पांडे नाम की महिला अन्य दो महिलाओं के साथ बुधवार सुबह 10 बजे रोज की तरह जंगल में पालतू पशुओं के लिये चारा लेने गयी थी। अपराह्न दो बजे साथ गयी दो महिलाएं तो घर आ गयीं लेकिन हेमा पांडे नहीं लौटी। पता चला कि जंगल में घास काटने के दौरान वह जंगल में अलग दिशा में चली गयी थीं।
इस पर ग्रामीणों ने जंगल में तलाश की तो हेमा देवी का शव गांव से नीचे के जंगल में लगभग 2-ढाई किलोमीटर दूर किसी हिंसक वन्य जीव के द्वारा नोची गयी अवस्था में दिख गया। बताया गया है कि लगभग 2 घंटे से ग्रामीण महिला के शव का खड़ी चढ़ाई चढ़कर गांव तक लाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सफल नहीं हुए हैं। बताया गया है कि मृतका के एक पुत्र व एक पुत्री हैं।
उसका पति दोगांव में किसी रेस्टोरेंट में कार्य करता है। ग्राम प्रधान शेखर भट्ट व ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद वन विभाग की टीम भी सूचना मिलने पर गांव पहुंच रही है। हालांकि अभी स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत के लिये कौन सा वन्य जीव जिम्मेदार है, अलबत्ता माना जा रहा है कि गुलदार ने महिला को शिकार बनाया होगा। है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में भीमताल क्षेत्र में गुलदार एवं बाघों के हमले से महिलाओं की मौत की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
