पुलिस पर महिलाओं-बच्चों से मारपीट का लगाया आरोप
मीडिया सेंटर में पत्रकारों से वार्ता कर प्रधान गुलजार ने दरोगा पर प्रताड़ित करने का लगाया आरोप, बोले- घटना के समय गांव में मौजूद नहीं था, सीसीटीवी फुटेज में भी नहीं हूं।मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। रतनपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम रियावली नगला के ग्राम प्रधान गुलजार ने जिला मीडिया सेंटर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में उन्हें बेवजह मुकदमे में नामजद कर दिया गया, जबकि घटना के समय वह गांव में मौजूद ही नहीं थे। ग्राम प्रधान ने उपनिरीक्षक नरेश सिंह पर उन्हें लगातार प्रताड़ित करने, घर पहुंचकर महिलाओं और बच्चों के साथ गाली-गलौज तथा मारपीट करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की कथित कार्रवाई से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद है। पत्रकारों से वार्ता करते हुए ग्राम प्रधान गुलजार पुत्र उम्मेद अली निवासी ग्राम रियावली नगला ने बताया कि गांव के मतीन, हसीन और उम्मेद पुत्रगण दिलशाद तथा सैय्यद उर्फ लोदा पुत्र रियासत के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। ग्राम प्रधान होने के नाते उन्होंने कुछ दिन पहले दोनों पक्षों को बैठाकर आपसी समझौता करा दिया था। उनका कहना है कि विवादित जमीन सरकारी अभिलेखों में मतीन, हसीन और उम्मेद के नाम दर्ज है, जबकि सैय्यद उर्फ लोदा के नाम कोई अभिलेख मौजूद नहीं है। दूसरे पक्ष की ओर से जमीन के बदले नकद रुपये देने की बात कही जाती है, लेकिन उसका भी कोई दस्तावेज नहीं है। गुलजार ने बताया कि 24 नवंबर 2026 को वह किसी काम से मेरठ गए हुए थे। इसी दौरान गांव में दोनों पक्षों के बीच दोबारा कहासुनी हो गई। आरोप है कि सैय्यद उर्फ लोदा ने मतीन, हसीन और उम्मेद के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। प्रधान का कहना है कि घटना के समय वह गांव में मौजूद नहीं थे, इसके बावजूद थाना रतनपुरी में मुकदमा अपराध संख्या 197/2026 दर्ज कर उन्हें भी नामजद कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में उनकी मौजूदगी नहीं है और वह इस साक्ष्य को जांच में प्रस्तुत करने के लिए तैयार हैं। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि सैय्यद उर्फ लोदा उनसे व्यक्तिगत रंजिश रखता है, क्योंकि उन्होंने ग्राम प्रधान होने के नाते दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया था। इसी रंजिश के चलते उन्हें मुकदमे में फंसाया गया है। उन्होंने पुलिस पर भी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जमानतीय अपराध होने के बावजूद उन पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। उपनिरीक्षक नरेश सिंह पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचकर महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट तथा गाली-गलौज कर रहे हैं। इस कथित कार्रवाई की सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास मौजूद है। गुलजार ने पत्रकारों को बताया कि मुकदमा अपराध संख्या 190/2026 के मामले में उन्होंने स्वयं तीन आरोपियों को थाना रतनपुरी ले जाकर पुलिस के सुपुर्द किया था। उनका आरोप है कि उस समय उन्हें आशंका थी कि पुलिस तीनों आरोपियों का फर्जी एनकाउंटर कर सकती है। रात का समय होने और उच्चाधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उन्होंने तीनों की जान बचाने और मामले को अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित की थी। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 156/2026 दर्ज कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया था। ग्राम प्रधान ने कहा कि उक्त प्रकरण को लेकर उन्होंने पहले भी जिला मीडिया सेंटर में पत्रकारों के सामने अपनी बात रखी थी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया था। उनके अनुसार, इसके बाद थाना रतनपुरी के तत्कालीन थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी सहित अन्य दरोगाओं के तबादले भी किए गए थे। इसके बावजूद उनका आरोप है कि थाना पुलिस की ओर से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। पत्रकारों से वार्ता के दौरान गुलजार ने कहा कि ग्राम प्रधान होने के बावजूद पुलिस की कथित प्रताड़ना के कारण वह गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। उन्होंने अपने साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी जताई और अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज सहित ऐसे साक्ष्य मौजूद हैं, जिनसे वह अपना पक्ष साबित कर सकते हैं। ग्राम प्रधान की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
