दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाकर रेशू विहार में दिया धरना, घर के मुख्य गेट पर ताला लगाकर मोबाइल बंद करने का आरोप, भाकियू टिकैत ने संभाला मोर्चा।

मुजफ्फरनगर ( नीरज प्रजापति)। जिस दिन एक विवाहिता को अपनी शादी की पहली सालगिरह पर नए सपनों और खुशियों के बीच होना चाहिए था, उसी दिन उसे अपने ही ससुराल के दरवाजे पर इंसाफ की गुहार लगाते हुए रात गुजारनी पड़ी। दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोपों ने एक बार फिर वैवाहिक रिश्तों में दहेज की कड़वी हकीकत को सामने ला दिया है। किनौनी निवासी विवाहिता विपाशा रेशू विहार स्थित अपनी ससुराल के बाहर रातभर ठंड में धरने पर बैठी रही। उसके इस कदम ने आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल पैदा कर दिया। विवाहिता विपाशा का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण ससुराल में उसके साथ लगातार दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। उत्पीड़न से परेशान होकर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता का कहना है कि मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसका सामान भी घर से बाहर फेंक दिया गया और ससुराल पक्ष ने मकान के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। आरोप है कि इसके बाद परिवार के सदस्यों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए, जिससे बातचीत और समस्या के समाधान का रास्ता बंद हो गया। अपने अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ने के लिए विवाहिता ने ससुराल के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। कड़ाके की ठंड के बीच रातभर उसका दरवाजे पर बैठे रहना लोगों को झकझोरता रहा। शादी की पहली सालगिरह पर सामने आया यह घटनाक्रम सामाजिक व्यवस्था और दहेज जैसी कुप्रथा पर भी सवाल खड़े कर रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नगर अध्यक्ष अनुपम शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विवाहिता से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उसके समर्थन में धरना शुरू कर दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने विवाहिता को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights