डीएवी इंटर कॉलेज में सुबह 8:50 बजे जुटेंगे न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, ‘एक स्वर एक संविधान’ अभियान के तहत संविधान की प्रस्तावना का होगा सामूहिक वाचन।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और नागरिकों में संवैधानिक चेतना जगाने के उद्देश्य से कल 26 नवंबर को मुजफ्फरनगर में एक विशेष आयोजन होने जा रहा है। संविधान दिवस के अवसर पर जनपद में ‘एक स्वर एक संविधान’ अभियान के अंतर्गत सामूहिक प्रस्तावना पाठ एवं ‘संविधान पर संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान एक साथ उठने वाली आवाजों के माध्यम से संविधान की मूल भावना, उसके आदर्शों और नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर द्वारा इस आयोजन की तैयारियां की गई हैं। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि लखनऊ से प्राप्त पत्र संख्या 3844/एसएलएसए-238/2026 (कुलदीप/ऋ), दिनांक 13 नवंबर 2026 के क्रम में प्रदेशव्यापी स्तर पर एक साथ प्रस्तावना पाठ कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान को ‘एक स्वर एक संविधान’ नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशानुसार 26 नवंबर 2026 को डीएवी इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में सुबह 8:50 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें न्यायिक अधिकारियों के साथ जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी शामिल होकर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, समस्त न्यायिक अधिकारीगण तथा जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि एवं ‘एक स्वर एक संविधान’ अभियान के जनपद नोडल अधिकारी डॉ. रणवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम का उद्देश्य केवल संविधान की प्रस्तावना का पाठ करना ही नहीं, बल्कि उसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल आदर्शों को समझना और उन्हें अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने का संदेश देना भी है। ‘संविधान पर संवाद’ के माध्यम से संवैधानिक अधिकारों, नागरिक जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर भी विचार साझा किए जाएंगे। संविधान दिवस पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जनपद में संवैधानिक जागरूकता को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। न्यायपालिका, प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की एक साथ मौजूदगी इस संदेश को और प्रभावशाली बनाएगी कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, एकता और सामाजिक न्याय का आधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights