केजीबीवी की छात्राओं ने ली बाल विवाह रोकने की शपथ, डॉ. राजीव कुमार ने बताए कानूनी प्रावधान; 18 वर्ष से पहले बेटियों की शादी कराना कानूनन अपराध।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अब बेटियां भी आवाज बुलंद कर रही हैं। कम उम्र में शादी कराकर बेटियों के सपनों, शिक्षा और भविष्य पर ताला लगाने की मानसिकता के विरुद्ध शाहपुर में जागरूकता की एक मजबूत पहल देखने को मिली। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) शाहपुर में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर शपथ ली और संकल्प लिया कि न तो बाल विवाह करेंगी और न ही अपने आसपास ऐसी कुरीति को पनपने देंगी। इस दौरान छात्राओं ने एक स्वर में नारा बुलंद किया- ‘हम सबका एक ही नारा, बाल विवाह मुक्त हो भारत हमारा। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में बुधवार, 25 नवंबर 2026 को ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि बाल विवाह केवल सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि कानूनन अपराध भी है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के तहत लड़कियों के विवाह की न्यूनतम कानूनी आयु 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से पहले विवाह कराने, उसमें सहयोग करने या उसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। दोषियों को दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने की सजा हो सकती है। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि कम उम्र में विवाह होने से लड़कियों की शिक्षा बाधित होती है, उनके आत्मनिर्भर बनने के अवसर छिन जाते हैं तथा कम उम्र में गर्भधारण से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सम्मान, शिक्षा और अपने सपनों को पूरा करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह मुक्त भारत का लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसके खिलाफ खड़ा होगा। डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर सूचना दें। समय रहते दी गई सूचना किसी बालिका का बचपन और भविष्य बर्बाद होने से बचा सकती है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा संचालित ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान का लक्ष्य वर्ष 2030 तक देश से बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करना है। कार्यक्रम में केजीबीवी शाहपुर की वार्डन एवं विद्यालय स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। छात्राओं की सामूहिक शपथ ने यह संदेश दिया कि बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि उनके सपनों को सम्मान देने की जरूरत है।
