जल जीवन मिशन की परियोजनाओं पर जिलाधिकारी की कड़ी नजर, कार्यदायी फर्म NKG को लंबित समस्याएं तत्काल निपटाने की चेतावनी, हर महीने होगी प्रगति की समीक्षा।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। ग्रामीणों को घर बैठे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना को लेकर अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जल जीवन मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में देरी, गुणवत्ता और लंबित समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कर दिया कि सरकारी योजना के नाम पर काम में ढिलाई और निर्माण की गुणवत्ता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा कराना सभी की जिम्मेदारी है।

बुधवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में संचालित पेयजल परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया गया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं से कार्यों की स्थिति और सामने आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कार्यदायी फर्म एनकेजी (NKG) को निशाने पर लेते हुए कार्यों से संबंधित सभी लंबित समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्याओं का बहाना बनाकर कार्यों की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी और फर्म आपसी समन्वय बनाकर बाधाओं को दूर करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था समय से सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल के माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। यह योजना सीधे आमजन के स्वास्थ्य और जीवन स्तर से जुड़ी हुई है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं है।

परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक माह नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने गुणवत्ता की निगरानी और निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी, जल निगम के सहायक एवं अवर अभियंता, कार्यदायी फर्मों के प्रतिनिधि, जिला परियोजना प्रबंधन इकाई (डीपीएमयू) तथा थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन (टीपीआई) एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights