india-ranks-third-globally-

नई दिल्ली, 08 अप्रैल । केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को कहा कि ‘नवीकरणीय ऊर्जा सांख्यिकी 2026’ के अनुसार नवीकरणीय ऊर्जा की स्थापित क्षमता के मामले में भारत वैश्विक स्तर पर तीसरे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि इस रैंकिंग में भारत ब्राज़ील से आगे निकल गया है। अंतरराष्ट्रीय नवीकरणीय ऊर्जा एजेंसी ने दिसंबर, 2025 तक के ये आंकड़े जारी किए हैं।

केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने यहां आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए यह बात कही। जोशी ने संवाददाताओं को बताया कि भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 55.3 गीगावाट की गैर-जीवाश्म क्षमता वृद्धि हासिल की। मंत्री ने यह भी कहा कि जुलाई 2025 में भारत ने बिजली उत्पादन में नवीकरणीय ऊर्जा का अब तक का सबसे ज़्यादा हिस्सा हासिल किया।

उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा ने देश की कुल 203 गीगावाट बिजली की मांग का 51.5 फीसदी हिस्सा पूरा किया। उन्होंने यह भी बताया कि 31 मार्च, 2026 तक देश में गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से कुल 283.46 गीगावाट क्षमता स्थापित की जा चुकी है।

जोशी ने संवाददाताओं को बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 (31 मार्च 2026 तक) के दौरान भारत का कुल बिजली उत्पादन 1,845.921 बिलियन यूनिट (बीयू) तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि कुल उत्पादन में गैर-जीवाश्म ईंधनों की हिस्सेदारी 2025-26 में बढ़कर 29.2 फीसदी (538.97 बीयू) हो गई।

केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भारत ने जून 2025 में अपनी कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता का 50 फीसदी गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से प्राप्त करने का मील का पत्थर हासिल कर लिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पेरिस समझौते के तहत अपने ‘राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान’ (एनडीसी) के लिए निर्धारित 2030 के लक्ष्य से पांच साल पहले ही प्राप्त कर ली गई।

प्रह्लाद जोशी ने आगे कहा कि सीओपी 26 में प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुरूप नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय 2030 तक गैर-जीवाश्म स्रोतों से 500 गीगावाट स्थापित विद्युत क्षमता हासिल करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक यानी 31 मार्च, 2026 तक देश में गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से कुल 283.46 गीगावाट क्षमता स्थापित की जा चुकी है। इसमें 274.68 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा (150.26 गीगावाट सौर ऊर्जा, 56.09 गीगावाट पवन ऊर्जा, 11.75 गीगावाट जैव ऊर्जा, 5.17 गीगावाट लघु जलविद्युत, 51.41 गीगावाट वृहद जलविद्युत) और 8.78 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता शामिल है।

उल्लेखनीय है कि नवीकरणीय ऊर्जा की स्थापित क्षमता के मामले में भारत वैश्विक स्तर पर तीसरे स्थान पर है (इरेना नवीकरणीय ऊर्जा आंकड़े 2026 के अनुसार जिसमें दिसंबर 2025 तक के आंकड़े शामिल हैं)।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights