ऑपरेशन चक्रवात में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, बड़कली मोड़ पर चेकिंग के दौरान दबोचा गया बागपत का युवक

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऑपरेशन चक्रवात के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियार लेकर घूमने वालों में खलबली मची हुई है।
थाना कोतवाली नगर के थाना प्रभारी ने बताया कि 18 नवंबर को कोतवाली नगर पुलिस की टीम मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे पर ग्राम बड़कली मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक को रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मौहम्मद मासूम पुत्र मौहम्मद यूनुस निवासी गांव ढिकाना, शिव मंदिर के पास, थाना बड़ौत, जनपद बागपत के रूप में हुई है। कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की उम्र लगभग 23 वर्ष है। पुलिस ने बरामद पिस्टल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली नगर थाना अध्यक्ष ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में अपराधियों और अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रवात के तहत यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कार्रवाई कोतवाली नगर थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हिमांशु शर्मा, बच्चू सिंह तथा कांस्टेबल अशोक राना, विकास कुमार और भूपेंद्र कुमार की टीम ने की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी से अवैध पिस्टल के बारे में पूछताछ करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights