दिल्ली से मुजफ्फरनगर आकर धार्मिक आयोजनों को बनाती थीं निशाना, फूलों की क्यारी में छिपा दिए थे चोरी के गहने, दो डायमंड पेंडल वाली चेन समेत पांचों गिरफ्तार।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भीड़ और आस्था की आड़ में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला गिरोह का सिविल लाइन पुलिस और मिशन शक्ति की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। भागवत कथा में शामिल होकर महिलाओं के गले से आभूषण उड़ाने वाली पांच महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई दो पीली धातु की चेन, जिनमें डायमंड के पेंडल लगे हैं, तथा एक आर्टिफिशियल चेन बरामद हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई से धार्मिक आयोजनों में सक्रिय इस गिरोह की करतूत सामने आई है। मामला रेशू विहार स्थित रेशू चौक का है। यहां 13 नवंबर को आयोजित भागवत कथा के दौरान कथा सुनने पहुंची तीन महिलाओं के गले से अज्ञात महिलाओं ने दो कीमती चेन और एक आर्टिफिशियल चेन चोरी कर ली थी।

पीड़ित सत्यप्रकाश की तहरीर पर 17 नवंबर को थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
बुधवार 18 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर रेशू विहार की चौधरी चरण सिंह कॉलोनी से पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पंजवरना, सेरा, मुन्नी, करुणा और रोशनी के रूप में हुई है। सभी दिल्ली की इंद्रपुरी स्थित जेजे कॉलोनी की निवासी बताई गई हैं।

धार्मिक आयोजनों में भीड़ का उठाती थीं फायदा

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पांचों महिलाएं एक ही कॉलोनी की रहने वाली हैं और धार्मिक कथाओं व अन्य आयोजनों में पहुंचकर भीड़ का फायदा उठाते हुए महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करती थीं। वे चार-पांच दिन पहले दिल्ली से मुजफ्फरनगर आई थीं। भागवत कथा में वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से चोरी के गहने कार्यक्रम स्थल के गेट के पास फूलों की क्यारी में छिपाकर चली गई थीं। बुधवार को दोबारा गहने लेने और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने पहुंचीं तो पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। पुलिस अब गिरफ्तार महिलाओं के आपराधिक इतिहास के साथ उनके आगे और पीछे के संपर्कों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights