कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम सुनील कुमार सिंह और एसएसपी सूरज कुमार राय ने गंगा घाट से मेला क्षेत्र तक परखीं व्यवस्थाएं; जल पुलिस, सीसीटीवी और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का रहेगा पहरा।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। धर्म, आस्था और श्रद्धा के पावन संगम कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व को लेकर शुक्रतीर्थ में तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा की पवित्र धारा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं का स्नान सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित हो, इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक व्यापक तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने शुक्रतीर्थ गंगा घाट तथा मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, नदी के जलस्तर, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात संचालन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आस्था के इस बड़े पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मेला क्षेत्र में प्रवेश और निकास के निर्धारित मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। गंगा की लहरों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए जल पुलिस को लगातार सक्रिय रहने, नदी के जलस्तर पर निगरानी रखने और गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए जल पुलिस की टीमों को मुस्तैद रहने को कहा गया। वहीं, मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी रखने और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं लगातार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पार्किंग स्थलों पर वाहनों को निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराने तथा मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति नहीं बनने देने के लिए यातायात पुलिस को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई। रात्रि में भी पर्याप्त रोशनी और प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहने, लगातार भ्रमण करने और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करते हुए उनकी सहायता करने की हिदायत दी। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय से जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ मां गंगा में पुण्य की डुबकी लगा सकें और यह पावन मेला शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
