वाल्मीकि समाज की नाराजगी बरकरार, वाल्मीकि क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक गंभीर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीआईजी को भेजी शिकायत, बोले- सार्वजनिक माफी के साथ संगठनात्मक और कानूनी कार्रवाई भी होनी चाहिए।
मुजफ्फरनगर ( नीरज प्रजापति)। जातिगत टिप्पणी को लेकर उठा विवाद अब भारतीय जनता पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा करता नजर आ रहा है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विजय वर्मा की वाल्मीकि समाज को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विरोध माफी मांगने के बावजूद थमने का नाम नहीं ले रहा है। वाल्मीकि समाज के एक वर्ग ने माफीनामे को स्वीकार किया है, लेकिन समाज के सभी लोगों की सहमति नहीं होने के कारण नाराजगी अब भी बरकरार है। वाल्मीकि क्रांति दल ने इस पूरे प्रकरण में विजय वर्मा को जिला अध्यक्ष पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। वाल्मीकि क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक गंभीर ने इस मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी समाज का अपमान करने के बाद केवल माफी मांग लेना पर्याप्त नहीं हो सकता। यदि अपमानजनक टिप्पणी करने के बाद पंचायत या कुछ लोगों के बीच माफीनामा देकर मामला समाप्त मान लिया जाएगा तो फिर कानून, अदालतों और न्याय व्यवस्था की आवश्यकता ही क्या रह जाएगी? कानून में अपराध के लिए दंड का प्रावधान है, केवल माफी मांगकर जिम्मेदारी से बच निकलने का रास्ता नहीं होना चाहिए। दीपक गंभीर ने सवाल उठाया कि जब विजय वर्मा को लेकर इतना विरोध हुआ और समाज की भावनाएं आहत हुईं तो अब तक उन्हें ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद से हटाने का निर्णय क्यों नहीं लिया गया? उन्होंने स्पष्ट कहा कि खुद अपमान करो और फिर खुद ही माफी मांगकर मामले को खत्म कर दो, यह व्यवस्था स्वीकार नहीं की जा सकती। समाज के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों के मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। इस प्रकरण को लेकर दीपक गंभीर पहले भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज उठा चुके हैं। उन्होंने अब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीआईजी को शिकायती पत्र भेजकर मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करने तथा उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे वाल्मीकि समाज में भाजपा के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। दीपक गंभीर ने मांग की है कि विजय वर्मा को ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद से तत्काल हटाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि समाज के सम्मान और कानून की मर्यादा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। वाल्मीकि क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक गंभीर ने कहा कि हम लोगों को अब यह देखना है कि पार्टी नेतृत्व इस बढ़ते विवाद पर क्या निर्णय लेता है और वाल्मीकि समाज की मांगों को कितनी गंभीरता से लेता है।
