संवेदनशील गांवों से लेकर मतदान केंद्रों तक प्रशासन की पैनी नजर, हिस्ट्रीशीटरों और चुनाव में खलल डालने वालों पर कसेगा शिकंजा, डीएम-एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी।
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस और प्रशासन ने अभी से अपनी रणनीति तेज कर दी है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, दबंगई, मतदाताओं को डराने-धमकाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को नाकाम करने के लिए सुरक्षा का मजबूत खाका तैयार किया जा रहा है। संवेदनशील गांवों और मोहल्लों से लेकर अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों तक की निगरानी बढ़ाने के साथ ही चुनाव में बाधा बनने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने जनपद के समस्त थाना प्रभारियों तथा चुनाव सेल के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि निर्वाचन के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक का मुख्य फोकस उन क्षेत्रों की पहचान पर रहा, जहां मतदाताओं को किसी व्यक्ति या समूह द्वारा डराने, धमकाने अथवा दबाव बनाकर मतदान से प्रभावित करने की आशंका है। इसके लिए वल्नरेबिलिटी मैपिंग के तहत गांवों, मोहल्लों और मतदाता समूहों का विस्तृत आकलन करने को कहा गया। थाना प्रभारियों को पिछले चुनावों की घटनाओं, आपसी रंजिश और पुराने विवादों के आधार पर संवेदनशील इलाकों की सूची तैयार कर लगातार अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय अपराधियों और पूर्व चुनावों में अशांति फैलाने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। ऐसे तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई, गैर-जमानती वारंटों की तामील और लाइसेंसी हथियारों के सत्यापन के साथ नियमानुसार शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी कराने को कहा गया। अवैध शराब, मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए भी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था तथा बुनियादी सुविधाओं का समय रहते परीक्षण कराने को कहा। नियमित गश्त, स्थानीय खुफिया तंत्र की सक्रियता और आमजन से संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। अफवाह फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ सहित सभी थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
