मिशन शक्ति-6.0 के तहत एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं को बताए सुरक्षा के अधिकार, छेड़छाड़ और उत्पीड़न पर शिकायत के लिए दिए हेल्पलाइन नंबर, सरकारी योजनाओं की भी दी जानकारी।
मुजफ्फरनगर ( नीरज प्रजापति)। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। छेड़छाड़, उत्पीड़न और महिला अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने के साथ ही अब महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी सहायता व्यवस्था से जोड़ने की मुहिम तेज हो गई है। इसी कड़ी में मुजफ्फरनगर पुलिस ने मिशन शक्ति-6.0 के तहत जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस की एंटी रोमियो टीमें गांवों, कस्बों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचीं और महिलाओं को बताया कि किसी भी संकट की स्थिति में वे किस नंबर पर मदद मांग सकती हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान धार्मिक स्थलों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और ग्रामीण इलाकों में महिलाओं तथा बालिकाओं से सीधे संवाद किया गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें पंपलेट वितरित कर महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं, सरकारी योजनाओं और शिकायत दर्ज कराने के तरीकों की जानकारी दी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और आत्मविश्वास की भावना मजबूत करना रहा। पुलिस टीमों ने महिलाओं को समझाया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, उत्पीड़न या आपात स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल शिकायत करें। उनकी पहचान और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध सहायता सेवाओं का इस्तेमाल करें।
मुसीबत में ये नंबर बनेंगे मददगार
पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102 और एंबुलेंस सेवा-108 शामिल हैं। इसके अलावा ट्विटर सेवा, जनसुनवाई पोर्टल और स्थानीय थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों के बारे में भी बताया गया।
सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा
महिलाओं को केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनाने वाली योजनाओं की जानकारी भी दी गई। निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना के उद्देश्य तथा लाभों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
मुजफ्फरनगर पुलिस का यह अभियान महिलाओं को जागरूक करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जरूरत इस बात की है कि महिलाएं किसी भी अन्याय के सामने खामोश न रहें और उपलब्ध कानूनी सहायता का निडर होकर इस्तेमाल करें। जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है और अपने अधिकारों की जानकारी ही सशक्त महिला की सबसे बड़ी ताकत है।
