नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। शहर के झांसी की रानी चौक पर शनिवार रात सड़क हादसे के बाद उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब दुर्घटना में घायल बुलेट सवार परिवार और पुलिसकर्मियों के बीच कार्रवाई को लेकर तीखी बहसबाजी शुरू हो गई। घटना से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बुलेट सवार परिवार पुलिसकर्मियों के सामने अपनी पूरी आपबीती सुनाते हुए कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता दिखाई दे रहा है। घटना ने हादसे के बाद मौके पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया गया कि शनिवार रात करीब 10 बजे विनीत वर्मा अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बुलेट पर सवार होकर मार्केट से घर लौट रहे थे। परिवार झांसी की रानी चौक के पास पहुंचा ही था कि इसी दौरान एक कार ने उनकी बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बुलेट क्षतिग्रस्त हो गई और परिवार सड़क पर गिरते-गिरते बचा। हादसे में विनीत वर्मा के हाथ में चोट आई, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।

टक्कर के बाद आरोप-प्रत्यारोप से गरमाया माहौल

हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कार में सवार लोग नशे की हालत में थे और हादसे के बाद उन्होंने उनके साथ बदसलूकी भी की। दुर्घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई। इसी बीच पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हादसे में उनकी बुलेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और परिवार के घायल होने के बावजूद कार सवारों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसी बात को लेकर परिवार पुलिसकर्मियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करता नजर आया।

वायरल वीडियो में पुलिस के सामने खुलकर रखी पीड़ा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में परिवार के सदस्य पुलिसकर्मियों से बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। परिवार हादसे में हुए नुकसान और चोट का हवाला देते हुए कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। वीडियो में मौके का माहौल काफी गर्म नजर आ रहा है और आसपास खड़े लोग भी पूरे घटनाक्रम को देखते दिखाई दे रहे हैं।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की वास्तविकता और हादसे की परिस्थितियों की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सड़क हादसे के बाद हुआ विवाद और पुलिस के सामने परिवार की नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों के बीच तेजी से प्रसारित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights