90 विद्यार्थियों ने स्टैंडर्ड राइटिंग प्रतियोगिता में दिखाया ज्ञान का दम, BIS ने जगाई जागरूकता की नई अलख

भारतीय मानक ब्यूरो के विशेषज्ञों ने गुणवत्ता, सुरक्षा और उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी, विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया

 

नीरज प्रजापति 

मुजफ्फरनगर। गुणवत्ता, सुरक्षा और उपभोक्ता जागरूकता को नई दिशा देने के उद्देश्य से सोमवार को होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) देहरादून शाखा के तत्वावधान में स्टैंडर्ड राइटिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के स्टैंडर्ड क्लब से जुड़े 90 विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा और जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रिसोर्स पर्सन सूची द्विवेदी, रूपेश कुमार, शुभम कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों को भारतीय मानक ब्यूरो की कार्यप्रणाली, गुणवत्ता मानकों तथा उपभोक्ता अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।


रिसोर्स पर्सन सूची द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो देश में विभिन्न औद्योगिक एवं उपभोक्ता उत्पादों के लिए वैज्ञानिक आधार पर गुणवत्ता मानक निर्धारित करता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी प्रमाणित उत्पाद की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलती है तो उपभोक्ता सीधे बीआईएस में शिकायत दर्ज करा सकता है। उन्होंने कहा कि बीआईएस उद्योग, सरकार और उपभोक्ताओं के बीच गुणवत्ता सुनिश्चित करने वाला एक मजबूत और विश्वसनीय मंच है, जिसके मानक अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप तैयार किए जाते हैं।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बीआईएस केयर मोबाइल ऐप के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से उपभोक्ता किसी भी उत्पाद के लाइसेंस नंबर, हॉलमार्क, एचयूआईडी, आईएसआई मार्क तथा अन्य गुणवत्ता प्रमाणनों की आसानी से जांच कर सकते हैं। इसके अलावा पेयजल की गुणवत्ता, प्रेशर कुकर, विद्युत उपकरण, खाद्य सामग्री, आभूषण सहित अनेक दैनिक उपयोग की वस्तुओं की प्रमाणिकता भी इस ऐप के जरिए परखी जा सकती है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी गुणवत्ता वाले उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करें।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट लेखन क्षमता का परिचय दिया। निवेदी, अंशिका, वर्तिका और निकिता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इच्छा, आरव, जतिन और जानवी ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि वंशिका खाटियान और जिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समापन समारोह में प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की सोच विकसित करना भी है। उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में गुणवत्ता, सुरक्षा और उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने रिसोर्स पर्सन सूची द्विवेदी को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया तथा सफल आयोजन के लिए भारतीय मानक ब्यूरो की टीम का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में रूपेश कुमार, सचिन कुमार, शुभम कुमार, नितिन बालियान, जितेंद्र कुमार, अमित शर्मा सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights