नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की स्टेडियम चौकी पर तैनात प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण चाहर की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। मुजफ्फरनगर पुलिस ने पुलिस लाइन में दिवंगत उपनिरीक्षक को पूरे राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर एवं अंतिम सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात्रि थाना जानसठ क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक कार सवार के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जानसठ में भर्ती कराया। घायल की पहचान उपनिरीक्षक अरुण चाहर के रूप में हुई। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बताया गया कि उपनिरीक्षक अरुण चाहर शासकीय कार्य से थाना जानसठ क्षेत्र में गए थे और वहां से थाना सिविल लाइन लौट रहे थे। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। वहीं, परिजनों को सूचना देने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी

दिवंगत उपनिरीक्षक अरुण चाहर के पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान डीआईजी रेंज अभिषेक सिंह,सहारानपुर ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ और पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा अंतिम सलामी देकर दिवंगत अधिकारी को नमन किया। इसके बाद पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ परिजनों के सुपुर्द कर उनके गृह जनपद/निवास स्थल के लिए रवाना किया गया।

परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन

मुजफ्फरनगर पुलिस ने उपनिरीक्षक अरुण चाहर के निधन को पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। विभाग ने कहा कि दिवंगत अधिकारी की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवाओं को सदैव सम्मानपूर्वक याद रखा जाएगा। पुलिस के अनुसार, इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, नियमानुसार देय सभी सेवा संबंधी लाभ और पुलिस वेतन पैकेज के अंतर्गत अनुमन्य लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मुजफ्फरनगर पुलिस ने दिवंगत उपनिरीक्षक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights