ghatampur-fire-accident-due-to-short-circuit-one-d

कानपुर, 25 अप्रैल । घाटमपुर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। तीन दुकानें आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गईं। हादसे में एक दुकानदार की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घाटमपुर थाना क्षेत्र के बेहटा बुजुर्ग इलाके स्थित दीना मार्केट में यह हादसा हुआ। यहां एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों रामकिशन (70), सत्यनारायण और रज्जन लाल की दुकानें हैं। इनमें एक किराने की, दूसरी कपड़ों की और तीसरी जनरल स्टोर है। आग कपड़ों की दुकान में लगी थी। दुकान के ऊपर ही पूरा परिवार रहता था।

सभी लोग रोज की तरह दुकान बंद कर सोने चले गए थे। शनिवार सुबह दुकानों से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और आग लगने की सूचना दी।

घटना के दौरान रामकिशन मौके पर पहुंचे, लेकिन घने धुएं की चपेट में आकर बेहोश हो गए और जिंदा जलकर उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गोमती, बेटा हरिओम, बहू श्रेया, चार माह का बच्चा शिवांश और भतीजी आयुषी झुलस गए।

सूचना पर दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बगल के मकान से सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। आग में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी रंजीत कुमार सिंह और एसडीएम अविचल प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को रस्सियों से घेर दिया गया है।

करीब छह घण्टों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

सत्यनारायण के पुत्र अंकुर ने बताया कि आग में सब कुछ जलकर राख हो गया और उनके ताऊ रामकिशन की मौत हो गई। जबकि लाखों का माल जलकर खाक हो गया है। तहसीलदार अंकित पाठक ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights