encounter-gang-leader-injured

बांदा, 10 मई । यूपी के बांदा जनपद के थाना बदौसा क्षेत्र में महिला के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूट के जेवर, अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 1 मई 2026 को थाना बदौसा क्षेत्र के नादनमऊ निवासी अजयपाल ने सूचना दी थी कि तीन अज्ञात व्यक्ति बिजली विभाग के कर्मचारी बनकर मीटर जांचने के बहाने घर में घुसे और महिला के साथ लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। मामले में थाना बदौसा में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई।

घटना के खुलासे के लिए थाना बदौसा पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, यक्ष एप और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की। रविवार को सूचना मिली कि दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से अतर्रा से चित्रकूट के कर्वी की ओर जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम तुर्रा के पास घेराबंदी कर दोनों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मुख्य आरोपी आदेश पुत्र राजकुमार निवासी पुनाहुर थाना बिसंडा के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं दूसरे आरोपी उमेश पुत्र सुभाष निवासी सत्यनियाव थाना बबेरू को पुलिस ने बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से लूट के जेवर, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक घायल अभियुक्त आदेश एक सक्रिय गैंग का सरगना है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह अपने सगे चाचा की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।

अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने बताया कि थाना बदौसा व एसओजी की संयुक्त टीम ने लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। घायल अभियुक्त का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि फरार अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights