राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का वृहद वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित भविष्य का दिया संदेश

नीरज प्रजापति 

मुजफ्फरनगर। धरती को हराभरा बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार, 12 जुलाई 2026 को ताराचंद वैदिक पुत्री डिग्री कॉलेज, मुजफ्फरनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जानसठ रोड पर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से छात्राओं और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए समाज को हरियाली बढ़ाने का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता चौधरी ने शिक्षकों एवं स्वयंसेविकाओं के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर किया। इस दौरान अर्जुन, कपास, कड़ी पत्ता, कदंब, शीशम, तुन, बकायन, नीम, हरसिंगार, मधुकामिनी, जामुन, अमरूद, अशोक और आम सहित अनेक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पिछले वर्ष लगाए गए पौधों का भी निरीक्षण किया गया। जिन पौधों ने अच्छी बढ़वार की है, उन्हें देखकर सभी ने प्रसन्नता व्यक्त की, वहीं जो पौधे किसी कारणवश सुरक्षित नहीं रह सके, उनके स्थान पर नए पौधे लगाने का निर्णय लिया गया। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना भी रहा।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. संगीता चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटती हरियाली पूरी मानव सभ्यता के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे वृक्षारोपण को केवल एक अभियान नहीं बल्कि जीवन का संस्कार बनाएं।
उन्होंने बताया कि पेड़ न केवल हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि तापमान नियंत्रित करने, वर्षा चक्र को संतुलित रखने, भूजल संरक्षण, जैव विविधता को सुरक्षित रखने और प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. योगिता शर्मा, कला विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा चौधरी, संगीत विभाग से श्रीमती शिवानी गुप्ता, बीसीए विभाग से दीपक, गृह विज्ञान विभाग से डॉ. उषा त्रिपाठी, वाणिज्य विभाग से श्रीमती ज्योति तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रियंका त्यागी सहित महाविद्यालय का शिक्षण स्टाफ एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।
वृक्षारोपण अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करेंगे, ताकि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम न रहकर पर्यावरण संरक्षण की स्थायी और प्रेरणादायी पहल बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights