कर्नाटक के तुमकुरु जिले में छह लोगों को कथित तौर पर नशीली दवाएं रखने और मजदूरों तथा महाविद्यालय के छात्रों को अवैध रूप से ये दवाएं बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान बेंगलुरु के बन्नेरघट्टा निवासी 35 वर्षीय नसीर बाशा, 32 वर्षीय नावीद, 32 वर्षीय उमर बाशा तथा तुमकुरु के मरालूरु टीले के निवासी 30 वर्षीय शबाज मोहम्मद, 32 वर्षीय मोहम्मद घौस और 28 वर्षीय मोहम्मद इकबाल के रूप में की गई है।

पुलिस के अनुसार टेपेन्टाडोल सहित सभी दवाएं जब्त कर ली गई हैं। तुमकुरु पुलिस अधीक्षक आशोक के. वी. के मुताबिक तिलक पार्क पुलिस थाने के एक दल ने विशिष्ट सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जिसमें कथित सरगना नसीर भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान लगभग 100 गोलियां जब्त की गईं।

उनके अनुसार आरोपी बेंगलुरु से दवाएं लाकर स्थानीय स्तर पर बेच रहे थे। के. वी. के मुताबिक, इन गोलियों को पीसकर पाउडर बनाया जाता था, जिसके बाद मादक प्रभाव पैदा करने के लिए पानी में मिलाकर इंजेक्शन के जरिये नसों में डाला जाता था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने और दवाओं के स्रोत की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।

उन्होंने कहा, “अवैध वितरण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी”। के. वी. के अनुसार, ‘स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम’ के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल ऐसे ही एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन दवा दुकानों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights