नोएडा, 02 जुलाई । आइसक्रीम की फ्रेंचाइजी दिलाने और ऑनलाइन ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने दो लोगों से 29.24 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का पता चलने पर दोनों ने पुलिस से शिकायत की। साइबर थाने ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने गुरुवार काे बताया कि आज ग्रेटर नोएडा निवासी सुशीला पोद्दार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि ई-मेल के माध्यम से एक व्यक्ति ने खुद को नामी आइसक्रीम कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उनसे संपर्क किया। आरोपी ने दावा किया कि ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 इलाके में कंपनी की फ्रेंचाइजी दी जा रही है। निवेश करने पर जल्द कारोबार शुरू करा दिया जाएगा। पीड़ित के झांसे में आने के बाद आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस, मशीनों की खरीद, प्लांट लगाने और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर अलग-अलग किश्तों में 15.74 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित का कहना है कि 15 अप्रैल 2025 को मशीनें लगाने और प्लांट स्थापित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तय तारीख पर कोई भी व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद जिन मोबाइल नंबरों और ई-मेल आईडी से संपर्क किया जा रहा था, वे भी बंद हो गए।
उन्होंने बताया कि चिपियाना बुजुर्ग निवासी दशरथ ने पुलिस से आज शिकायत की है कि उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। शुरुआत में कुछ रकम निवेश कराने के बाद लगातार अधिक पैसे लगाने का दबाव बनाया गया। झांसे में आकर उन्होंने 13.50 लाख रुपये अलग-अलग माध्यमों से ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्होंने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपी टालमटोल करने लगे और फिर पूरी तरह संपर्क खत्म कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, ई-मेल आईडी, लेनदेन के रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
