समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में नए मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए थे, जिसे लेकर अब योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने अंदाज में पलटवार किया है. उन्होंने भोजपुरी बोली में पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर तंज कसा और प्रतीक यादव का जिक्र करते हुए उन्हें सुभासपा ज्वाइन करने का ऑफर दे दिया.
ओम प्रकाश राजभर ने सपा मुखिया पर निशाना साधते हुए कहा कि आपके भाई का निधन हुआ है और आपको इस बात की ज्यादा चिंता है कि दूसरों के घर में क्या चल रहा है. कैबिनेट मंत्री ने लिखा- ‘अखिलेश जी अभी आपके भाई का देहांत हुआ है और पूरा परिवार परेशानी में है. यही वजह है कि मैं भी अपके दु:ख में शामिल हूं और आपकी समाज को बांटने वाली राजनीति पर कहना-लिखना बंद कर दिया था.
‘परिवार की ‘गमी’ के बीच भी राजनीति सूझ रही’
उन्होंने लिखा कि लेकिन, आप इतने सत्ता लोलुप हैं कि परिवार की ‘गमी’ के बीच भी राजनीति सूझ रही है, दूसरों के घरों में क्या चल रहा है इसकी आपको ज्यादा चिंता है. लगता है आपने लोकलाज त्याग दिया है.
कैबिनेट मंत्री ने लिखा- जरा तेरहवीं तक रुक जाइए फिर विचारों की राजनीति कर ली जाएगी, कुछ आप हमें कह लीजिएगा, कुछ हम आपको सुनाएंगे… लेकिन, इस व्यवहार को गोलोकगामी भाई देख रहा होगा तो, क्या सोच रहा होगा… थोड़ा तो लिहाज कर लीजिए.
उन्होंने लिखा कि रही बात मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभाग के बंटवारे की तो, आपको क्या लगता है कि कोई विभाग आपको भी मिल जाए? अगर इच्छुक हैं तो सुभासपा ज्वाइन कर लीजिए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से झगड़ा कर लूंगा लेकिन, आपको एक विभाग का मंत्री बनवा कर रहूंगा. बेगाने मंत्रिमंडल में अखिलेश दीवाना!’
बता दें कि सपा मुखिया ने यूपी कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के विभागों के बंटवारें में हो रही देरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि क्या मंत्रियों के नाम के बाद, अब उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी? अखिलेश वे दावा किया कि ये कमीशन और कमाई के बंटवारे की वजह से डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं.
