नीरज प्रजापति

जाट कॉलोनी से खालापार तक ताबड़तोड़ मॉर्निंग रेड, चार मीटरों में मिली छेड़छाड़, एफआईआर से मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर। बिजली चोरी और मीटर से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ मुजफ्फरनगर में बिजली विभाग ने गुरुवार सुबह बड़ा शिकंजा कस दिया। शहर में तड़के चले सघन मॉर्निंग रेड अभियान से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। विभागीय टीम और विजिलेंस की संयुक्त कार्रवाई में जाट कॉलोनी और खालापार क्षेत्र में चार उपभोक्ताओं के परिसरों पर मीटर टैम्पर्ड पाए गए। जांच में गड़बड़ी सामने आते ही विभाग ने चारों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एंटी पावर थैफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी।
यह कार्रवाई मुख्य अभियंता (वितरण) विनोद कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल सुधीर कुमार अग्रवाल और संबंधित अधिकारियों के निर्देशन में की गई। अभियान में विभागीय टीम के साथ विजिलेंस टीम भी शामिल रही। अधिकारियों के नेतृत्व में सुबह-सुबह निकली टीम ने विद्युत उपकेंद्र महावीर चौक और शामली रोड से जुड़े क्षेत्रों में एक साथ चेकिंग शुरू की, जिससे बिजली चोरी करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जाट कॉलोनी में पहली बड़ी गड़बड़ी सामने आई। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र महावीर चौक के अंतर्गत क्षेत्र में टीम ने एक उपभोक्ता के परिसर में मीटर की जांच की। जांच के दौरान मीटर टैम्पर्ड पाया गया। इसके बाद टीम ने अभियान को आगे बढ़ाते हुए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र शामली रोड के अंतर्गत आने वाले खालापार क्षेत्र में कई परिसरों की जांच की। यहां तीन उपभोक्ताओं के मीटर भी टैम्पर्ड मिले।
एक के बाद एक चार मीटरों में छेड़छाड़ मिलने के बाद विभागीय टीम ने मौके पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी। संबंधित मामलों में विद्युत अधिनियम-2003 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने चारों उपभोक्ताओं के खिलाफ एंटी पावर थैफ्ट थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है।
अभियान में सहायक अभियंता (रेड) अक्षय कुमार सिंह, अवर अभियंता (रेड) दिलीप यादव, अवर अभियंता (रेड) अखिलेश कुमार सरोज तथा विजिलेंस टीम के प्रभारी प्रवर्तन दल अमित गोस्वामी, महिला हेड कांस्टेबल मोनिका, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र, कांस्टेबल सचिन, रोहित और नवनीत शामिल रहे।
विभाग का साफ संदेश, मीटर से छेड़छाड़ की तो कार्रवाई तय बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्युत चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मीटर से छेड़छाड़, अवैध कनेक्शन अथवा बिजली का अनधिकृत इस्तेमाल पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली का इस्तेमाल केवल अधिकृत कनेक्शन के माध्यम से करें और अपने बिजली बिलों का समय से भुगतान करें। विभाग की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान अब केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। सुबह के समय अचानक पहुंची संयुक्त टीम ने जिन चार परिसरों में मीटर टैम्पर्ड पकड़े, वहां से कार्रवाई सीधे एफआईआर तक पहुंची। विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी बिजली चोरी के खिलाफ चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights