सीबीएसई की दसवीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को नकद राशि देकर किया सम्मानित, वत्सल गर्ग ने प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया विद्यालय का गौरव

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प जब सफलता में बदलते हैं तो प्रतिभाओं का सम्मान भी यादगार बन जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा बुधवार को एसडी पब्लिक स्कूल में देखने को मिला, जहां कक्षा 10 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर तालियों की गूंज के बीच आयोजित समारोह में उनकी शैक्षिक सफलता को विद्यालय के गौरव के रूप में सराहा गया। 18 नवंबर को आयोजित इस सम्मान समारोह में सत्र 2025-26 के मेधावियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप तथा विशिष्ट अतिथि पल्लवी स्वरूप और सपना कुमार मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और प्रेरणादायक नृत्य प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह और उमंग भर दी। समारोह में सबसे खास पल वह रहा, जब परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वत्सल गर्ग को 5100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। द्वितीय स्थान पर रहे वरदान गर्ग को 3100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अवनि पाहुजा और राघव को 2100-2100 रुपये देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन किया।
विद्यालय की डायरेक्टर चंचल सक्सेना ने कहा कि सफलता किसी संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि नियमित मेहनत, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतिफल होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इसी जज्बे के साथ आगे बढ़ते हुए नए मुकाम हासिल करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्या भारती तिवारी ने मेधावियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां विद्यालय के लिए गौरव हैं। उन्होंने सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उपप्रधानाचार्य शिव कुमार शर्मा, सीनियर विंग इंचार्ज शशिकांत शर्मा, मिडिल विंग इंचार्ज गीता मित्तल तथा एक्टिविटी इंचार्ज प्रियंका सचदेवा और पूजा अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights