मंडी समिति बिजलीघर क्षेत्र में घंटों बिजली गुल, फोन बंद कर सोए रहे कर्मचारी; कॉलोनीवासियों ने जताया भारी आक्रोश
मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी के बीच मंडी समिति बिजलीघर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों के सब्र ने जवाब दे दिया। पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रहने से कॉलोनीवासी अपने घरों में नहीं ठहर सके और सड़क तथा मकानों की छतों पर रात बिताने को मजबूर हो गए। उमस और गर्मी से परेशान लोगों में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रातभर बिजली गुल रहने के बावजूद मंडी समिति बिजलीघर के कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल फोन बंद मिले। इससे लोगों को न तो बिजली कटौती का कारण पता चल सका और न ही आपूर्ति बहाल होने की कोई जानकारी मिल सकी। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार कर्मचारी फोन बंद कर आराम की नींद सोते रहे, जबकि आम जनता गर्मी से बेहाल होकर पूरी रात जागने को मजबूर रही।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि इन दिनों भीषण गर्मी और उमस के चलते बिजली की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन घंटों बिजली कटौती की जा रही है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रातभर बिजली न होने से लोगों की नींद पूरी तरह खराब हो गई और दैनिक जीवन भी प्रभावित हुआ। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया और कर्मचारियों की जवाबदेही तय नहीं हुई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने मांग की है कि बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, शिकायतों के लिए हेल्पलाइन सक्रिय रखी जाए तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। बिजली संकट को लेकर क्षेत्र में लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights