ब्रह्म प्रकाश शर्म
दो पक्ष आमने-सामने, मौके पर पहुंची पुलिस
जानसठ। तहसील क्षेत्र के गांव भलेड़ी के जंगल में पानी भरने की समस्या को लेकर बुधवार सुबह ग्राम प्रधान राजकुमार सैनी की ओर से जेसीबी मशीन से खुदाई का कार्य शुरू कराया गया। सुबह शुरू हुआ खुदाई का काम दोपहर तक शांतिपूर्वक चलता रहा, लेकिन इसके बाद किसी बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में मौके पर किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्रीय लेखपाल, कानूनगो और नायब तहसीलदार मौके पर मौजूद रहकर पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मौके की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है तथा विवाद के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार जंगल क्षेत्र में पानी भरने के कारण आवागमन और अन्य गतिविधियों में परेशानी हो रही थी, जिसके चलते पानी की निकासी के उद्देश्य से जेसीबी से खुदाई शुरू कराई गई थी। हालांकि खुदाई के दौरान दो पक्षों के आमने-सामने आने से मामला विवाद में बदल गया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। अधिकारी मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास में जुटे हैं।
