beautiful-ladies-club-paid-fee

मुरादाबाद, 21 जुलाई । ब्यूटीफुल लेडीज़ क्लब मुरादाबाद द्वारा मंगलवार को पुलिस मॉडर्न स्कूल, 9वीं बटालियन, पीएसी में आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी 22 विद्यार्थियों की स्कूल फीस जमा कर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। क्लब की इस पहल से विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी और आशा की नई किरण दिखाई दी।

कार्यक्रम में क्लब की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. बबीता गुप्ता ने बताया कि ब्यूटीफुल लेडीज़ क्लब पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करते हुए उनकी स्कूल फीस जमा करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह जानकर अत्यंत संतोष होता है कि जिन बच्चों की सहायता की जाती है, वे कठिन परिश्रम कर अच्छे अंक प्राप्त कर रहे हैं और निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

क्लब की अध्यक्ष डॉ. पायल पुरी ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि ये बच्चे भविष्य में न केवल अपने माता-पिता, विद्यालय और समाज का नाम रोशन करेंगे, बल्कि स्वयं सक्षम बनने के बाद जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी आगे आएंगे।

क्लब की सदस्य स्वर्गीय कल्पना दत्त के पिछले वर्ष असामयिक निधन के पश्चात उनके पति डॉ. बी.के. दत्त ने उनकी समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विद्यार्थियों की फीस का सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर शहर की प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीना बजाज ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से आंखों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा आंखों की सुरक्षा और नियमित देखभाल के बारे में उपयोगी सुझाव दिए।

शहर की प्रसिद्ध दंत एवं मुख रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक्षा द्विवेदी ने बच्चों को मुख एवं दंत स्वच्छता के महत्व, सही तरीके से दांतों की सफाई तथा जंक फूड के दांतों पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर क्लब की सचिव डॉ. ऋतु श्रीधर, कोषाध्यक्ष डॉ. रूबी चुघ, डॉ. शिवानी गर्ग, डॉ. अंका कुमार, डॉ. उपमा अग्रवाल, श्रीमती राजुल गुप्ता, डॉ. मेघना गुप्ता,डाॅ संगीता मदान,डॉक्टर गरिमा मिश्रा,डॉक्टर शालिनी जैन,मिसेज रश्मि सिंह,डॉक्टर प्रीति गुप्ता, अंजुषा रस्तोगी, सहित अन्य सदस्यों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ब्यूटीफुल लेडीज़ क्लब आगे भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यों में निरंतर अपना योगदान देता रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस मॉडर्न स्कूल की वाइस प्रिंसिपल रश्मि अग्रवाल एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने ब्यूटीफुल लेडीज़ क्लब के इस सराहनीय प्रयास के लिए क्लब की सभी सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights