बरेली, 01 जुलाई । जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भमोरा एवं बिथरी चैनपुर से निकाली गई जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी विश्राम सिंह, ब्लॉक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, सीएचसी प्रभारी, जिला मलेरिया अधिकारी, मलेरिया निरीक्षक और डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अभियान एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा, जबकि दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, साफ-सफाई और सावधानियों के प्रति जागरूक करेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी विश्राम सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए लोगों की सहभागिता जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी करेंगी और घर-घर जाकर बीमारियों के लक्षणों की जानकारी लेकर लोगों को बचाव के उपाय बताएंगी।
नगर विकास और पंचायती राज विभाग की ओर से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई कराई जाएगी। शिक्षा, कृषि, पशुपालन और खाद्य सुरक्षा विभाग भी मिलकर जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।
