पोषण पखवाड़ा : जनपद में 12 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जागरूकता कार्यक्रम

हरिद्वार, 27 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत पोषण पखवाड़ा-2025 के अवसर पर जनपद के 12 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कुपोषण से निपटने तथा गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों और छह वर्ष से कम आयु के बच्चों में पोषण स्तर को सुधारना रहा। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पोषण जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, योग सत्र, खेल गतिविधियां और कार्यशालाएं आयोजित की गईं।

नोडल अधिकारी डॉ. अवनीश उपाध्याय ने बताया कि पोषण सुधार एक सामूहिक प्रयास है। सही आहार और जीवनशैली को अपनाकर हम कुपोषण से होने वाली समस्याओं से बच सकते हैं। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने कहा कि समुचित पोषण को बढ़ावा देने के लिए पूरक आहार, स्तनपान के महत्व और पोषण से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेष चर्चा की गई।

इस अवसर पर विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के चिकित्सा अधिकारियों — डॉ. धनेन्द्र वशिष्ठ (बिहारी नगर), डॉ. नवीन दास (सालियर), डॉ. सोरमी सोनकर (भोगपुर), डॉ. विशाल प्रभाकर (दौलतपुर), डॉ. मोनिका प्रभाकर (बहादराबाद), डॉ. विक्रम सिंह रावत (डाडा जलालपुर) एवं डॉ. बीरेंद्र सिंह रावत (हल्लू माजरा) द्वारा भी जागरूकता सत्रों का आयोजन किया गया तथा नागरिकों को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

डॉ. अवनीश उपाध्याय ने बताया कि पोषण पखवाड़ा के तहत चलाए गए इन कार्यक्रमों ने जनसामान्य में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights