मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के सोंटा गांव का माहौल सोमवार को गमगीन हो गया, जब सीआरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक (ASI) विनोद धीमान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा पैतृक गांव पहुंचा। अगरतला में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया था। पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजते रहे।

45 वर्षीय विनोद धीमान बीते दो दशकों से सीआरपीएफ की सेवा में तैनात थे और वर्तमान में त्रिपुरा की 182 बटालियन में ड्यूटी कर रहे थे। 17-18 सितंबर की रात अचानक सीने में दर्द के बाद उन्हें सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।गांव लौटे विनोद के पार्थिव शरीर को सीआरपीएफ के जवानों ने तिरंगे में लपेटकर सलामी दी।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी और सपा नेता राकेश शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।विनोद अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। परिवार का कहना है कि तनावपूर्ण ड्यूटी ने उनकी सेहत पर असर डाला, जबकि वे हमेशा फिट रहते थे। गांव में आयोजित शोक सभा में ग्रामीणों ने उन्हें “गांव का सच्चा लाल” बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights