नियुक्त दायित्वधारियों ने राज्यपाल से की भेंट, बोले-आकांक्षाओं पर खरा उतरने का करें प्रयास

देहरादून, 25 अप्रैल (हि.स.)। विभिन्न विभागों में नियुक्त दायित्वधारियों ने शुक्रवार को राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) से शुक्रवार को शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने सभी दायित्वाधारियों से सेवा और कल्याण की भावना के साथ लोगों की आकांक्षाओं में खरा उतरने का प्रयास करने को कहा। इस दौरान राज्यपाल ने सभी दायित्वधारियों से व्यक्तिगत रूप से परिचय प्राप्त किया और उन्हें उनके नवीन दायित्वों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल ने दायित्वधारियों से कहा कि दायित्वों के प्रभावी निर्वहन से न केवल योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन होगा, बल्कि अनुश्रवण और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि जब दायित्व के साथ पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा जुड़ जाती है, तभी सुशासन की सच्ची आधारशिला रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक पर्यटन, कृषि एवं स्थानीय उत्पादों और वैलनेस का अनमोल वरदान प्राप्त है, इन क्षेत्रों में कार्य कर हम प्रदेश की आर्थिकी को बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कथन के अनुसार 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए सभी के सामूहिक प्रयास आवश्यक है।

उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लेकर उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस अवसर पर अनेक दायित्वधारी मौजूद रहे।

इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

—————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights