नीरज प्रजापति

आर्यपुरी नाला पटरी पर घंटों चली पड़ताल, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली; चार शूटरों ने गोलियों से छलनी कर दी थी हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिंदगी।

शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेशाम हुई सनसनीखेज हत्या ने पूरे शामली को झकझोर कर रख दिया है। वारदात को अंजाम देने वाले चार हथियारबंद बदमाश पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद अभी गिरफ्त से बाहर हैं। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए अब सहारनपुर एसओजी को भी मैदान में उतार दिया है। शनिवार को एसओजी टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से छानबीन की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हत्यारों के भागने के रास्तों के सुराग तलाशे।
शुक्रवार की देर शाम आर्यपुरी नाला पटरी पर उस समय खूनी वारदात को अंजाम दिया गया, जब अंकित जिम से निकलकर अपनी कार में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल अंकित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद हमलावर बिना किसी भय के मौके से फरार हो गए।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और हनुमान रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी एनपी सिंह ने परिजनों को हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद किसी तरह जाम खुलवाया जा सका।


चार टीमों पर हत्यारों तक पहुंचने की चुनौती
हत्याकांड के खुलासे के लिए शामली पुलिस के साथ मुजफ्फरनगर और सहारनपुर की एसटीएफ समेत चार टीमों को लगाया गया है। पुलिस की टीमें हरियाणा समेत संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने दो संदिग्ध शूटरों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी किसी गिरफ्तारी या खुलासे की पुष्टि नहीं की गई है।
शनिवार को सहारनपुर एसओजी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि हत्यारे किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए।
इससे पहले शुक्रवार को एडीजी मेरठ जोन भानू भास्कर और डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह ने शामली पहुंचकर मामले की समीक्षा की थी। अधिकारियों ने पुलिस टीमों को हत्याकांड का जल्द से जल्द पर्दाफाश करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के कड़े निर्देश दिए हैं। अब निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं कि आखिर अंकित की हत्या के पीछे कौन थे और इतनी बड़ी वारदात की पूरी साजिश किसने रची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights