नीरज प्रजापति

आर्यन और सत्यम की तस्वीरें सामने आते ही मचा हड़कंप, कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े होने का दावा, शामली से दिल्ली-हरियाणा तक पुलिस की ताबड़तोड़ दबिशें, हत्यारों की तलाश में खाक छान रही पुलिस

 

शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस जांच के बीच बड़ा खुलासा सामने आया है। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले बताए जा रहे दो शूटरों की पहचान आर्यन और सत्यम के रूप में होने की बात सामने आई है। दोनों की तस्वीरें भी सामने आने के बाद पुलिस की जांच और तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि दोनों शूटर कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े हुए हैं। हालांकि पुलिस की ओर से आरोपियों की पहचान और गैंग से संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
बताया जाता है कि शामली कोतवाली क्षेत्र में स्थित आर्यपुरी नाला पटरी पर शुक्रवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई थी, जब सिंगर अंकित बालियान पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अंकित को उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। इसके साथ ही वारदात से जुड़े संदिग्धों, उनके संपर्कों और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की बारीकी से जांच की जा रही है।

तस्वीरें सामने आने से बढ़ी हलचल

हत्याकांड में दो कथित शूटरों के नाम और तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस के सामने अब उनकी गिरफ्तारी की चुनौती है। सूत्रों के अनुसार पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने में जुटी हैं। दोनों आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस के रडार पर कई कड़ियां

अंकित बालियान की हत्या के पीछे आखिर क्या वजह थी, किसने हत्या की साजिश रची और शूटरों को किसने निर्देश दिए, इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है। पुलिस घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ रही है।
अंकित बालियान की सरेआम हत्या ने शामली में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights