नीरज प्रजापति
पार्टी कार्यालय में विधि-विधान से हुआ हवन-पूजन, पदाधिकारियों ने श्रद्धापूर्वक प्रार्थना कर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की
मुजफ्फरनगर। क्रांतिसेना-शिवसेना के दिवंगत कार्यालय प्रभारी की आत्मा की शांति के लिए रविवार को प्रकाश चौक स्थित पार्टी कार्यालय पर श्रद्धा और भावुक माहौल में हवन-पूजन एवं शांति पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान गायत्री मंत्रों के जाप से पूरा कार्यालय परिसर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए परमपिता परमेश्वर से उन्हें शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
पार्टी कार्यालय पर आयोजित हवन-पूजन में पंडित दीपक मिश्रा ने विधि-विधान के साथ मंत्रोच्चार कर पूजा-अर्चना संपन्न कराई। गायत्री मंत्रों के जाप के बीच श्रद्धालुओं ने हवनकुंड में आहुतियां अर्पित कीं और दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
कार्यक्रम में शिवसेना के वेस्ट यूपी प्रमुख ललित मोहन शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। उनके साथ मंडल प्रमुख शरद कपूर, क्रांतिसेना जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी, शिवसेना जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा, उपाध्यक्ष मांगतराम सोनकर, सोनू कश्यप, शशि कुमार, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर सभी ने दिवंगत कार्यालय प्रभारी के पार्टी के प्रति समर्पण और सेवाभाव को याद किया। उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि दिवंगत साथी का निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके साथ बिताए समय और संगठन के प्रति उनके योगदान को हमेशा स्मरण किया जाएगा।
हवन-पूजन के उपरांत सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। पार्टी पदाधिकारियों ने परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।
